भोपालमध्य प्रदेश

पेंशन और जनकल्याण योजनाओं को लेकर सरकार पर बरसे मुकेश नायक

पेंशन और जनकल्याण योजनाओं को लेकर सरकार पर बरसे मुकेश नायक

यश भारत भोपाल। कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश सरकार पर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कई महीनों से विधवा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और दिव्यांग पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नायक ने कहा कि सरकार ने 5000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है, लेकिन इसके बावजूद बुजुर्गों और महिलाओं की पेंशन में कटौती की जा रही है और कई महिलाओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इसे सरकार की हृदयहीनता करार देते हुए कहा कि जीवन के इस चरण में महिलाओं को आर्थिक सहयोग की सबसे अधिक जरूरत होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समय शुरू हुई थी लेकिन वर्तमान सरकार इसे आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखा रही है। आरोप लगाया कि कई जिलों में इस योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या सीमित कर दी गई है। नायक ने कहा कि एक तरफ उत्तर प्रदेश में कन्यादान योजना के तहत प्रति हितग्राही एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है, वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने इस योजना को लगभग बंद करने जैसी स्थिति बना दी है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण विकास को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि वित्त आयोग की राशि ग्रामीण विकास के लिए जारी नहीं की गई, जिससे गांवों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा के तहत भी कई कार्य लंबित हैं और मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन और जनकल्याण योजनाओं का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button