MP पुलिस का गौरव: इंदौर पुलिस कमिश्नर सहित 4 अफसरों को राष्ट्रपति पदक, 17 को सराहनीय सेवा मेडल

MP पुलिस का गौरव: इंदौर पुलिस कमिश्नर सहित 4 अफसरों को राष्ट्रपति पदक, 17 को सराहनीय सेवा मेडल
भोपाल, यशभारत। 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पुलिस वीरता और सेवा पदकों की घोषणा कर दी है। इस बार मध्य प्रदेश पुलिस के खाते में बड़ी उपलब्धि आई है। सूबे के कुल 21 जांबाज अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM) और सराहनीय सेवा पदक (MSM) से नवाजा जाएगा।
विशिष्ट सेवा के लिए गूंजेगा MP का नाम
जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, मध्य प्रदेश के चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ‘प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विशड सर्विस’ (राष्ट्रपति पदक) के लिए चुना गया है। इनमें इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस महाननिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी, निरीक्षक शिव कुमार पटेले का नाम प्रमुखता से शामिल है। यह सम्मान पुलिस सेवा में दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक है, जो लंबे समय तक विशिष्ट और बेदाग सेवा रिकॉर्ड के आधार पर दिया जाता है।
17 पुलिसकर्मियों को मेरिटोरियस सर्विस मेडल
विशिष्ट सेवा पदकों के अलावा, राज्य के 17 अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (सराहनीय सेवा पदक) से सम्मानित किया जाएगा। ये पदक फील्ड ड्यूटी, कानून-व्यवस्था के सफल संचालन, जटिल अपराधों की जांच और प्रशासनिक कार्यों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जांबाजों को दिए जा रहे हैं। इसमें जमीनी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों से लेकर मुख्यालय के वरिष्ठ अफसर तक शामिल हैं।
अनुशासन और कार्यक्षमता का सम्मान
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, इन पदकों का चयन अधिकारियों की निरंतर सेवा, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए किया गया है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में इन अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल मध्य प्रदेश पुलिस का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जनता के विश्वास को भी मजबूत करेगी।







