मृत व्यक्तियों को जीवित बताकर निकाल ली राशि, ईओडब्ल्यू ने किया केस दर्ज सरपंच, उप सरपंच, सचिव ने अमृत सरोवर तालाब निर्माण में किया भ्रष्टाचार

मृत व्यक्तियों को जीवित बताकर निकाल ली राशि, ईओडब्ल्यू ने किया केस दर्ज
सरपंच, उप सरपंच, सचिव ने अमृत सरोवर तालाब निर्माण में किया भ्रष्टाचार
-भोपाल यशभारत।
मृत व्यक्तियों को जीवित बताकर अमृत सरोवर तालाब निर्माण की मजदूरी में गड़बड़ी की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्लयू जबलपुर द्वारा सरपंच, उपसरपंच, सचिव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। प्राप्त शिकायत के अनुसार मृत व्यक्तियों को जीवित बताकर अमृत सरोवर तालाब निर्माण मजदूरी दर्शाकर फर्जी दस्तखत कर मजदूरी की राशि आहरण किया गया शासन की योजनाओं में फर्जीवाड़ा कर स्वयं के द्वारा लाभ प्राप्त किया गया। उक्त शिकायत की जांच ईओडब्ल्यू जबलपुर द्वारा की गई। ग्राम पंचायत सचिव देवश्री यादव द्वारा आपराधिक षड्यंत्र रचकर व अपने पद का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत व्यक्ति कन्नू लाल वर्मन की मृत्यु के पश्चात उसके नाम पर मनरेगा के अंतर्गत उसकी उपस्थिति दर्ज कर कूटरचित मस्टररोल तैयार किया गया। ग्राम पंचायत के उपसरपंच राजेन्द्र यादव द्वारा सुषमा यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अवैध लाभ पहुंचाया गया। इसी तरह वंदना पत्नि राजेन्द्र यादव को लाडली बहिना योजना का अवैध रुप से लाभ पहुंचाया गया। शिकायत प्रमाणित पाए जाने पर जांच उपरांत सरपंच पुन्नू कोल पिता लल्ला कोल निवासी ग्राम समर पिपरिया, ग्राम पंचायत बढैयाखेड़ा जनपद पंचायत जबलपुर, उपसरपंच राजेन्द्र यादव पिता रामनाथ यादव निवासी ग्राम खिरहैनी घाट, ग्राम पंचायत बढैयाखेड़ा, जनपद पंचायत जबलपुर, देवश्री यादव सचिव, ग्राम पंचायत बढैयाखेड़ा, जनपद पंचायत जबलपुर, सुषमा यादव पति रामनाथ उर्फ रम्मू यादव निवासी निवासी ग्राम खिरहैनी घाट, ग्राम पंचायत बढैयाखेड़ा, जनपद पंचायत जबलपुर के विरुद्ध धोखाधड़ी करने, षडयंत्र रचने, दस्तावेजों में हेरफेर करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।