ग्वालियरमध्य प्रदेश

आधी रात बाजार में मची अफरा-तफरी: डबरा के मुख्य चौराहे पर तीन दुकानों में भीषण आग

लाखों रुपए की क्षति का अनुमान

डबरा,एजेंसी। नगर के व्यस्ततम मुख्य चौराहे पर बालाजी परिसर के सामने गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अचानक लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। आग आनंद मेडिकल स्टोर, एक मोबाइल दुकान और समीप की अन्य दुकान में भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दुकानों से धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दुकान के ऊपर ही मकान मालिक का परिवार रहता है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण आग की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। संकरी बाजार सड़क और भीड़ के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं, लेकिन दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया और ऊपरी मंजिल पर स्थित मकान के कुछ हिस्सों व घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन अनुमान है कि तीनों दुकानों को मिलाकर लाखों रुपए की क्षति हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button