अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ व्यक्ति की मौत -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ व्यक्ति की मौत
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में चार दिन पहले एक राहगीर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया था। हादसे के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी कल मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम महुआखेड़ा खेरूआ सांइखेड़ा जिला नरसिंहपुर निवासी भगत सिंह पुत्र राधेलाल(62) गत 21 अगस्त को किसी काम के सिलसिले में जहांगीराबाद पहुंचे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह डीमार्ट के सामने से पैदल सडक़ पार कर रहे थे, तभी उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल भगत सिंह को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान कल उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
स्कूली छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी-
बैरसिया इलाके में कल शाम 11वीं की छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक ग्राम दामखेड़ा निवासी रिशी शाक्य पुत्री सुरेश शाक्य (18) कक्षा 11वीं की छात्रा था। जबकि उसके पिता मिस्त्री का काम करते हैं। कल शाम करीब पांच बजे छात्रा ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







