मेडिकल कॉलेज ने 4 वर्षीय मासूम को कैंसर से दिलाई नई ज़िंदगी
अत्याधुनिक इलाज के साथ मिला भावनात्मक संबल

जबलपुर,यशभारत। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। यहां के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी दक्षता, समर्पण और टीम वर्क से एक असंभव माने जा रहे मामले को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 4 वर्षीय मासूम खुशवंत पटेल को जानलेवा कैंसर न्यूरोब्लास्टोमा से पूरी तरह स्वस्थ कर दिया।
भोपाल निवासी खुशवंत लंबे समय से इस दुर्लभ और घातक बीमारी से जूझ रहा था। बीमारी की पहचान के बाद परिजन पहले निजी अस्पतालों और फिर भोपाल एम्स पहुंचे, लेकिन वहां इलाज संभव न हो पाने पर बच्चे को जबलपुर रेफर किया गया। यहां चाइल्ड कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. श्वेता पाठक और उनकी विशेषज्ञ टीम ने इस जटिल केस को चुनौती के रूप में स्वीकार किया। डॉ. पाठक के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने बच्चे की स्थिति का गहन मूल्यांकन कर अत्याधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से इलाज शुरू किया। करीब एक महीने तक चले सतत और सघन उपचार, नियमित मॉनिटरिंग और सटीक दवाओं के परिणामस्वरूप खुशवंत ने कैंसर को मात दे दी और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।
अत्याधुनिक इलाज के साथ मिला भावनात्मक संबल
न्यूरोब्लास्टोमा बच्चों में पाया जाने वाला अत्यंत गंभीर कैंसर है, जिसमें समय पर उपचार न मिलने पर जान का खतरा रहता है। इलाज के दौरान मेडिकल टीम ने न केवल शारीरिक उपचार पर ध्यान दिया, बल्कि संवेदनशील व्यवहार और सकारात्मक संवाद के माध्यम से परिवार को मानसिक और भावनात्मक संबल भी प्रदान किया। खुशवंत के परिजनों ने डॉ. श्वेता पाठक, उनकी पूरी टीम और अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर मेडिकल कॉलेज ने उनके बच्चे को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को नई ज़िंदगी और नई उम्मीद दी है।







