भोपालमध्य प्रदेश

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 9.35 लाख की ठगी, दुबई में खाता बेचने वाला केरल से गिरफ्तार

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 9.35 लाख की ठगी, दुबई में खाता बेचने वाला केरल से गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कालीकट एयरपोर्ट (केरल) से एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो भारतीय बैंक खातों को दुबई ले जाकर साइबर अपराधियों को बेचता था। आरोपी के पास से पासपोर्ट, मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

ऐसे जाल में फंसाया भोपाल के युवक को
पुलिस के अनुसार, कोहेफिजा निवासी मोहम्मद जैनुल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ‘करन बिड़ला’ नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर उन्हें ‘PMHDFC’ नामक ऐप के जरिए ‘सहज सोलर’ कंपनी में निवेश का झांसा दिया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने कुछ पैसा वापस किया, लेकिन जैसे ही जैनुल ने बड़ी रकम निवेश की, आरोपियों ने उनके ₹9,35,000 हड़प लिए और ऐप में उनका खाता ब्लॉक कर दिया।

दुबई कनेक्शन: भारतीय खातों का विदेशी इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता है। आरोपी भारत में गरीब या लालची लोगों के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाते हैं। इन खातों (किटकैट खातों) को दुबई भेजा जाता है, जहां साइबर अपराधी ठगी की रकम इन खातों में मंगवाते हैं और वहां के एटीएम से नकदी निकाल लेते हैं।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस कार्रवाई
ताजा गिरफ्तारी निजामुद्दीन (निवासी केरल) की हुई है, जो दुबई भागने की फिराक में था। पुलिस टीम ने तकनीकी एनालिसिस के आधार पर उसे घेराबंदी कर कालीकट एयरपोर्ट पर दबोचा। इससे पहले महाराष्ट्र और केरल से 12 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो खाते खोलने और उन्हें आगे बेचने की चेन में शामिल थे।

इनका कहना है..
आरोपी व्हाट्सएप के जरिए लोगों को बड़ी कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते फर्जी ऐप्स पर निवेश का लालच देते थे। ठगी की राशि दुबई में एटीएम के जरिए निकाली जाती है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

भोपाल साइबर क्राइम थाना प्रभारी, सुरेश फरकले

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button