भोपालमध्य प्रदेश

ATM डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: मेवात का अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार

ATM डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: मेवात का अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार

क्रेटा कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे 5 बदमाश

गैस कटर और हथियार बरामद; नीमच और बेंगलुरु में भी दे चुके हैं वारदातों को अंजाम

भोपाल, यशभारत। राजधानी की कोहेफिजा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराज्यीय मेवात गैंग के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लालघाटी क्षेत्र में स्थित एटीएम (ATM) को गैस कटर से काटकर डकैती डालने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक क्रेटा कार समेत भारी मात्रा में हथियार और एटीएम काटने के उपकरण बरामद किए हैं। यह गैंग हरियाणा, राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी सक्रिय रहा है।

पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रीन एकर्स ब्रिज (एयरपोर्ट रोड) के नीचे एक सफेद रंग की क्रेटा कार में कुछ संदिग्ध युवक बैठे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोहेफिजा कृष्ण गोपाल शुक्ला के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई। मौके पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस पाइप, कटर, लोहे की सब्बल, तलवारें और हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शाहबुद्दीन (मेवात), शौकुल (भरतपुर), वकील (मेवात), मौसम (भरतपुर) और नसीम (नूंह, हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लालघाटी क्षेत्र में एटीएम लूटने के इरादे से आए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग बेहद हाईटेक और शातिर तरीके से काम करता था। आरोपी वारदात के दौरान अपने मूल मोबाइल बंद कर देते थे और फर्जी दस्तावेजों पर ली गई सिम का इस्तेमाल करते थे। हरियाणा से निकलने के बाद ये अपनी कार पर अलग-अलग राज्यों की फर्जी नंबर प्लेट बदल देते थे ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इनके पास से 6 अलग-अलग नंबर प्लेट मिली हैं। ये एटीएम के कैमरों पर काला स्प्रे छिड़क देते थे और कुछ ही मिनटों में गैस कटर से मशीन काटकर कैश निकाल लेते थे।
आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने साल 2023 में मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र में गैस कटर से एटीएम काटकर चोरी की थी। इसके अलावा, कर्नाटक के बेंगलुरु में भी इन्होंने इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब इनके पुराने रिकॉर्ड्स और साथियों के बारे में अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button