सिवनी हवाला लूट कांड पर बड़ा एक्शन, DGP ने SDOP पूजा पाण्डेय को किया निलंबित

सिवनी हवाला लूट कांड पर बड़ा एक्शन, DGP ने SDOP पूजा पाण्डेय को किया निलंबित
TI समेत 9 पुलिसकर्मी पहले ही सस्पेंड
भोपाल, यशभारत: सिवनी में हवाला के रु1 करोड़ 45 लाख की लूट के मामले में पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा ने शुक्रवार, 10 अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP), सिवनी पूजा पाण्डेय को निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में उन्हें ‘गंभीर कदाचरण एवं संदिग्ध आचरण’ का दोषी माना गया है।
इससे पहले, IG जबलपुर रेंज प्रमोद वर्मा ने गुरुवार देर रात ही बंडोल के थाना प्रभारी (TI) समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था, जिन्होंने यह लूट की घटना को अंजाम दिया।
रु1.45 करोड़ की लूट का आरोप
पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर जोन से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर जारी आदेश में कहा गया है कि पूजा पाण्डेय ने दिनांक 8 अक्टूबर की रात NH-44 बायपास सिवनी पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई राशि के संबंध में प्रथम दृष्टया गंभीर कदाचरण प्रदर्शित किया।
मिली जानकारी के अनुसार कटनी के एक हवाला कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बुधवार रात उसके ड्राइवर को बंडोल थाना प्रभारी और एसडीओपी कार्यालय के कर्मचारियों ने रोका। कार में रुपए1 करोड़ 45 लाख की हवाला राशि मिली।
आरोप: आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जब्ती बनाने या वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बजाय ड्राइवर से मारपीट कर उसे भगा दिया और पूरी राशि लूट ली। कुछ सूत्रों के मुताबिक, वाहन में कुल ₹2 करोड़ 96 लाख 50 हजार होने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
DGP ने जारी किया निलंबन आदेश
DGP कैलाश मकवाणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, SDOP पूजा पाण्डेय को मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत निलंबित किया गया है।
मुख्यालय: निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, भोपाल रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
9 पुलिसकर्मी हुए निलंबित
गंभीर आरोपों के बाद आईजी प्रमोद वर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (TI) समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन सिवनी अटैच किया है। निलंबित होने वालों में शामिल हैं:
थाना प्रभारी (उपनिरीक्षक) अर्पित भैरम (बंडोल)
प्रधान आरक्षक माखन, रविंद्र उईके, जगदीश यादव, योगेंद्र चौरसिया (एसडीओपी कार्यालय)
आरक्षक चालक रितेश
आरक्षक नीरज राजपूत
गनमैन केदार
आरक्षक सदाफल
गंभीर आरोप की शिकायत जबलपुर और भोपाल के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के लिए जबलपुर से ASP आयुष गुप्ता को सिवनी भेजा गया है और आईजी ने उन्हें तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।







