मध्य प्रदेश

सिहोरा के जय माँ ममता कृषि केन्द्र पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

प्रतिबंधित कीटनाशकों का बड़ा भंडार पकड़ा, FIR दर्ज

सिहोरा,यशभारत। कृषि विभाग की टीम ने बुधुवा स्थित मेसर्स जय माँ ममता कृषि केन्द्र पर औचक निरीक्षण कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया है। अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती मनीषा पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं कीटनाशक निरीक्षक जे.एस. राठौर तथा मानचित्रकार चन्द्रपाल वल्के ने 5 दिसंबर 2025 को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दुकान में उर्वरक, बीज और कीटनाशक लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज तो मौजूद थे, लेकिन स्टॉक पंजी संधारित नहीं की जा रही थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि लाइसेंस में दर्ज कंपनियों के अलावा अन्य निर्माता कंपनियों की कीटनाशक दवाओं का अवैध भंडारण एवं बिक्री की जा रही थी, जो कीटनाशी नियम 10(4) का गंभीर उल्लंघन है। इसके साथ ही दुकान में 21 प्रकार की एक्सपायरी कीटनाशक, फफूंदनाशक और खरपतवारनाशक दवाएं मिलीं, जिन्हें बिक्री के लिए रखा गया था।

WhatsApp Image 2025 12 09 at 13.17.24

सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया कि प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित नुवान (Dichlorvos 76% EC) 100 एमएल की 51 बॉटलें रखी हुई थीं, जबकि भारत सरकार ने इसे 8 अगस्त 2018 से पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। टीम ने मौके पर ही सभी एक्सपायरी और प्रतिबंधित दवाओं को जब्त करते हुए उनका क्रय-विक्रय प्रतिबंधित किया तथा सामग्री को प्रोपराइटर राकेश तिवारी की सुपुर्दगी में दिया।

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास जबलपुर डॉ. एस.के. निगम के निर्देशन में पाए गए तथ्यों के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1)(a), 29(1)(d) एवं 29(2) के अंतर्गत थाना मझगवां में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button