संबलपुर के पास महिमा गोसाईं एक्सप्रेस पटरी से उतरी, बड़ा हादसा टला

संबलपुर, ओडिशा: आज सुबह संबलपुर-शालीमार-संबलपुर महिमा गोसाईं एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20831) संबलपुर सिटी स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे हुई, जब ट्रेन बेहद धीमी गति से स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है, और ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पुलिस और रेलवे अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। वे स्थिति का आकलन कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ईस्ट कोस्ट रेलवे की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि “20831 शालीमार-संबलपुर एक्सप्रेस के गार्ड वैन से सटे जनरल बोगी का पिछला ट्रॉली वाला हिस्सा संबलपुर सिटी स्टेशन के पास धीमी गति से पटरी से उतर गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।” बयान में आगे कहा गया कि ट्रेन को अब संबलपुर स्टेशन भेज दिया गया है।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब ट्रेन भुवनेश्वर से संबलपुर आ रही थी और संबलपुर सिटी स्टेशन पहुंचते ही धीमी गति के कारण गार्ड वैन के ठीक आगे वाली जनरल बोगी का पिछला हिस्सा पटरी से उतर गया। ट्रेन की कम गति के कारण ही एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे हजारों यात्रियों की जान बच गई। रेलवे अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।







