दिल्ली धमाके के बाद मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट

दिल्ली धमाके के बाद मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट
– राजधानी भोपाल में कमिश्रर अैर डीसीपी ने लिया जायजा
भोपाल यशभारत। दिल्ली के लाल किला मैदान के बाहर हुए कार विस्फोट की घटना के बाद मध्यप्रदेश में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित प्रदेश के सभी बड़े शहरों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर जांच अभियान जारी है। घटना के बाद सोमवार देर रात डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपात बैठक कर सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और बम डिटेक्शन एवं डिस्पोजल स्क्वाड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

भोपाल में बढ़ाई गई सुरक्षा
भोपाल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख बाजारों में सघन जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के सामान की डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें यात्रियों और उनके बैग की तलाशी ले रही हैं। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने रानीकमलापति स्टेशन, भोपाल स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।

धार्मिक स्थालों पर बढ़ाई सुरक्षा
प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्थ बढ़ा दी गई है। उज्जैन, नर्मदापुरम, ओमकारेश्वर सहित अन्य प्रसिद्ध मंदिरों में सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। मंदिर परिसर और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बम और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मंदिर के पास के होटलों, लॉज और पार्किंग स्थलों में सघन जांच की। पुलिस ने श्रद्धालुओं और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या सामान की जानकारी तुरंत सुरक्षा अधिकारियों को दें।
प्रदेशभर में हाई अलर्ट, जनता से सहयोग की अपील
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। सभी एसपी को चौकसी बढ़ाने, गश्त तेज करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियाती है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। डीजीपी मकवाना ने पुलिस अधिकारियेां से कहा है कि कहा कि प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही नागरिकों से अपील भी की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। व किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
भोपाल से हो चुकी है संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी
करीब एक माह पूर्व ही संदिग्ध आतंकी अदनान की गिरफ्तारी से भोपाल से हो चुकी है। जांच में खुलासा हुआ है कि अदनान आतंकी गतिविधियों में लिप्त था। लैटपटॉप सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है जिसमें यह जानकारी सामने आई है कि वह लगातार युवाओं को बरगलाने का काम कर रहा था। उसने नेटवर्क तैयार किया था और सोशल मीडिया के माध्यम से ही कई तरह की जानकी साझा करता था। दिल्ली में भी घटना को अंजाम देने का सुराग जांच एजेंसियों को मिला था। मामले की जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि अदनान पुणे के साफ्टवेयर इंजीनियर जुबैर के साथ संपर्क में था।
संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है
राजधानी के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है और हर संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर नजर रखी जा रही है। देर रात स्टेशन सहित अन्य भीड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया है।
– हरिनारायणचारी मिश्र, कमिश्नर, भोपाल






