हरियाणा की बैठक में म प्र को मिल सकता है नया संगठन महामंत्री
RSS की समालखा बैठक में हो सकता है फैसला

यश भारत, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री का पद पिछले कुछ समय से रिक्त है। 31 जनवरी के बाद से इस महत्वपूर्ण दायित्व पर नई नियुक्ति नहीं हो पाई है, जिसके चलते राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा आयोजित होने जा रही है, जिसे इस दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों का मानना है कि संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न प्रांतों के संगठनात्मक विषयों पर मंथन होगा।
मध्यप्रदेश में संगठन महामंत्री की नियुक्ति भी चर्चा के एजेंडे में शामिल हो सकती है। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि संघ किसी नए चेहरे को भाजपा में संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए भेज सकता है या फिर वर्तमान संरचना में बदलाव कर नई रणनीति अपनाई जा सकती है। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। भाजपा के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति भी संभावित है, जिससे संगठन और पार्टी के बीच समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना बढ़ गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मध्यप्रदेश में आगामी रणनीति और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय अहम साबित होगा। अब सबकी नजरें समालखा बैठक पर टिकी हैं, जहां से मध्यप्रदेश भाजपा को नया संगठन महामंत्री मिल सकता है।







