भोपालमध्य प्रदेश

मप्र सरकार महिलाओं को हर महीने देगी 1500 रुपए  

मप्र सरकार महिलाओं को हर महीने देगी 1500 रुपए  
– मप्र सरकार ने बढ़ाई लाड़ली बहना योजना की राशि 
भोपाल यशभारत। मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए लाडली बहना योजना में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि अब लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले यह राशि 1250 रुपए थी। प्रदेश में कुल 1.26 करोड़ महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि मार्च 2023 से अब तक इस योजना के तहत महिलाओं के खाते में कुल 44000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। इस साल इस योजना पर करीब 20,450 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। कैबिनेट बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 12 नवंबर से सिवनी जिले से महिलाओं के खाते में सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। मंत्री काश्यप ने कहा कि यह कदम भाईदूज के अवसर पर महिलाओं को विशेष तोहफा देने की नीति का हिस्सा है। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से महिलाओं के खाते में पहुंचाई जाए।
किसानों को भी मिला बड़ा लाभ
कैबिनेट ने भावांतर योजना के तहत किसानों को आर्थिक लाभ देने का भी निर्णय लिया। 13 नवंबर को देवास से लगभग 1.32 लाख किसानों को 300 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा। इसका औसत लाभ लगभग 1300 रुपए प्रति क्विंटल होगा। इस योजना के तहत 1.60 लाख किसानों ने 2.70 लाख टन सोयाबीन बेचा है। इस तरह की पारदर्शी प्रणाली से किसानों को उचित मूल्य मिल रहा है और उन्हें प्रतिदिन के मॉडल रेट के अनुसार लाभान्वित किया जा रहा है।
प्रदेश में अन्य विकास कार्य
कैबिनेट ने प्रदेश में कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए। 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। आलीराजपुर और जबलपुर में बड़े समारोह आयोजित होंगे। खंडवा जिले के मांधाता नगर में पहला सिविल कोर्ट स्थापित होगा और 7 नए पद सृजित किए गए हैं। ओंकारेश्वर में एकात्मधाम परियोजना के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं। आचार्य शंकर संग्राहलय, अद्वैत लोक निर्माण और धातु की प्रतिमा निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button