मध्यप्रदेश सीएम मोहन यादव जबलपुर में कैंसर पीड़ित मरीजों से मिले कहां जल्द ठीक हो जाआगे… मरीजों ने गुलाब फूल भेंट किए… देखें वीडियो…

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सोमवार को जबलपुर प्रवास के दौरान भेड़ाघाट के समीप स्थित विराट हॉस्पिस पहुँचे और यहाँ कैंसर के मरीजों की निःस्वार्थ भाव से की जा रही सेवा के कार्य की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विराट हॉस्पिस में भर्ती उन कैंसर मरीजों से भेंट की, जिन्हें डॉक्टर भी जबाब दे चुके हैं और गरीब परिवारों के होने की वजह से जीवन के अंतिम समय में उन्हें देखभाल के लिये यहाँ रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने इन मरीजों से भेंट की और उनकी कुशल क्षेम जानी। इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ और कैंसर मरीजों ने मुख्यमंत्री का गुलाब का फूल भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि ब्रह्मर्षि वावरा मिशन द्वारा संचालित यह प्रकल्प मानवता की सेवा की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने यहां गरीब परिवारों के कैंसर के मरीजों की, की जा रही सेवा और देखभाल के लिये साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी और उनके सहयोगियों को साधुवाद दिया।
कैंसर मरीजों से भेंट करने के पहले मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विराट हॉस्पिस परिसर में निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल भवन का अवलोकन किया। विराट हॉस्पिस की संस्थापक साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी भी इस मौके पर उनके साथ थीं। विराट हॉस्पिस के मेडिकल डायरेक्टर डॉ अखिलेश गुमास्ता ने ब्रेकी थेरेपी यूनिट सहित कैंसर मरीजों के उपचार के लिये निर्माणधीन अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री को बताया गया कि अस्पताल में ब्रेकी थेरेपी मशीन से कैंसर मरीजों उपचार शुरू भी कर दिया गया है। इस अस्पताल में कैंसर मरीजों का उपचार निःशुल्क दिया जायेगा। कैंसर मरीजों की रेडिया थेरेपी के लिए यहां अत् याधुनिक कोबॉल् ट मशीन भी स् थापित की जा रही है। भाभा एटमिक रिसर्च सेंटर से अनुमोदन मिलने के बाद इससे भी उपचार प्रारंभ कर दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव विराट हॉस्पिस परिसर में स्थित गौशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ गायों को गौ-ग्रास खिलाई। मुख्यमंत्री को बताया गया कि विराट हॉस्पिस में भर्ती कैंसर के मरीजों को इसी गौशाला की गायों का दूध दिया जाता है और मरीजों को दिये जा रहे भोजन को पकाने में बायो गैस का इस्तेमाल किया जाता है। परिसर में लगाई गई आर्गेनिक सब्जियां ही मरीजों को भोजन में परोसी जाती हैं। करीब सवा तीन एकड़ क्षेत्र में फैले विराट हॉस्पिस परिसर में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाये गये हैं ताकि यहाँ से निकला पानी नर्मदा नदी में जाकर न मिले।






