मध्य प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र: कृषि मंत्री कंसाना बेहोश; किसानों के मुद्दे पर सदन में हंगामा

मध्य प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र: कृषि मंत्री कंसाना बेहोश; किसानों के मुद्दे पर सदन में हंगामा
भोपाल, यशभारत: मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन आज (2 दिसंबर) को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही एक चौंकाने वाली घटना हुई, जब राज्य के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना चक्कर खाकर बेहोश हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री सदन में प्रवेश कर रहे थे। उन्होंने तुरंत मंत्री के पास जाकर उन्हें संभाला। इस स्वास्थ्य आपातकाल के चलते सदन की कार्यवाही को तत्काल 10 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का तीखा विरोध
सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस विधायक खराब फसलों की स्थिति दर्शाती तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे। मुरैना से कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर ने सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ, बिजली नहीं मिली और फसल बीमा के नाम पर मात्र ‘दो सौ चार सौ रुपए’ दिए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को तत्काल फसलों का मुआवजा देने की मांग की। महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के नाम पर कवल उद्योगपतियों के हित की योजनाएं बना रही है। वही तराना विधायक महेश परमार ने लैंड पूलिंग एक्ट वापसी का गजट नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की।
आज इन विधेयकों पर होगी चर्चा
आज सदन में दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर पक्ष और विपक्ष के विधायक अपने विचार रखेंगे:
मध्यप्रदेश दुकान तथा स्थापना (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025
मध्यप्रदेश नगरपालिका (संशोधन) अध्यादेश, 2025
सत्र की अवधि पर नाराजगी
कांग्रेस विधायकों ने इस बार शीतकालीन सत्र की छोटी अवधि (1 से 5 दिसंबर, जिसमें 3 दिसंबर की छुट्टी है) पर भी नाराजगी व्यक्त की है, जिसके कारण केवल चार ही बैठकें हो पा रही हैं।







