इंदौर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 7000 की रिश्वत लेते नगर निगम अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

इंदौर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 7000 की रिश्वत लेते नगर निगम अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
इंदौर, पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर लोकायुक्त कार्यालय इंदौर ने आज एक ट्रैप कार्यवाही करते हुए नगर निगम के एक अधिकारी को ₹7000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जोन क्रमांक 18, तीन इमली, इंदौर के ऑफिस अधीक्षक संजय वैद्य के रूप में हुई है।
लोकायुक्त कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजय सिंगोलिया (40), निवासी चिटनीस का पूर्वा, लाला रामनगर, इंदौर ने बताया कि वह वर्ष 2008 से जुलाई 2024 तक जोन क्रमांक 11, जोन क्रमांक 18 और वार्ड क्रमांक 63 नगर निगम इंदौर में मस्टर ड्रेनेज कर्मी के रूप में कार्यरत थे। दिनांक 18.07.24 को सिद्धार्थ जैन, अपर आयुक्त नगर निगम इंदौर के आदेश से उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया था। बाद में, उपायुक्त नगर निगम इंदौर ने दिनांक 13.05.2025 को आदेश जारी कर आवेदक को पुनः जोन क्रमांक 18 में ड्रेनेज कर्मी के रूप में नियुक्त करने का आदेश दिया।
जब आवेदक उक्त आदेश को लेकर जोन क्रमांक 18 पर ऑफिस अधीक्षक संजय वैद्य से मिलने गए, तो वैद्य ने नियुक्ति के बदले ₹20,000 की मांग की। आवेदक के निवेदन पर वैद्य ₹15,000 में राजी हो गया और उसी दिन ₹5,000 ले लिए। वैद्य ने आवेदक से कहा कि जब तक बचे हुए पैसे नहीं दोगे, तुम्हें नियुक्ति नहीं दूंगा।
इसकी शिकायत आवेदक ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय इंदौर को की। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद, आज दिनांक 21.05.25 को एक ट्रैप दल का गठन किया गया। आरोपी संजय वैद्य को वर्ल्ड कप चौराहा पुल के नीचे आवेदक को फोन लगाकर बुलाने पर आवेदक से शेष बची रिश्वत राशि ₹7,000 लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 के अंतर्गत कार्यवाही जारी है।
इस ट्रैप दल में कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान, निरीक्षक राहुल गजभिये, आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक आशीष नायडू, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक मनीष माथुर, आरक्षक कृष्ण अहिरवार और चालक शेर सिंह ठाकुर शामिल थे।







