देश

हंगामे की भेंट चढ़ा पीएम मोदी का संबोधन, लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

लोकसभा में गतिरोध लगातार जारी

नई दिल्ली,एजेंसी। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में गतिरोध लगातार जारी है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा लगातार तीसरे दिन भी पूरी नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार शाम पांच बजे लोकसभा में इस प्रस्ताव पर अपना जवाब देना था, लेकिन विपक्ष के भारी हंगामे के चलते उनका संबोधन टल गया।

कार्यवाही शुरू होते ही पीठासीन संध्या राय ने पीपी चौधरी को बोलने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन विपक्षी सांसद तख्तियां लेकर वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी, जिसके बाद पीठासीन ने लोकसभा को पूरे दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।

उधर, राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बयान दिया, जिस पर विपक्ष ने आपत्ति जताई। विपक्षी सदस्यों ने संसद परिसर के बाहर दिए गए उनके पूर्व बयान को लेकर भी सवाल उठाए।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा में पंडित नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना से जुड़ी किताबें लहराने का मुद्दा उठाया, जिससे माहौल और गर्मा गया। लगातार हंगामे के कारण पहले लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

अब सदन की कार्यवाही गुरुवार को दोबारा शुरू होगी। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि क्या उस दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पूरी हो पाती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संबोधन दे पाते हैं या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button