मुगलिया हाट में तेंदुए की आहट से दहशत, वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

मुगलिया हाट में तेंदुए की आहट से दहशत, वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
भोपाल, यशभारत। राजधानी के परवलिया सड़क थाना इलाके के जनपद फंदा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मुगलिया हाट और आसपास के इलाकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने गांव के बेहद करीब एक तेंदुए को देखा। गांव से सटे जंगल के कारण वन्यजीवों की आवाजाही की आशंका पहले भी बनी रहती थी, लेकिन अब तेंदुए के खेतों तक पहुंचने की खबर से ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए को गांव के खेतों के पास देखा गया है। सोशल मीडिया पर तेंदुए के मूवमेंट की कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई हैं, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग की डिवीजन टीम और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया है। हालांकि, अभी तक टीम को तेंदुए के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं हुए हैं, लेकिन पदचिन्हों और ग्रामीणों के दावों के आधार पर परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के मुगलिया हाट गांव में सर्चिंग तेज कर दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है।
ग्रामीणों में चिंता, रात भर दी दबिश
गांव के पास घना जंगल होने के कारण तेंदुए के वापस जंगल में जाने या कहीं झाड़ियों में छिपे होने की संभावना जताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब तक तेंदुए की लोकेशन स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक टीम गांव में ही तैनात रहेगी।







