खेत में सिंचाई कर रहे मजदूर पर तेंदुए का हमला, मुरई गांव में दहशत
आज़ सुबह की घटना मचा हड़कंप

जबलपुर यशभारत। कटंगी के समीप मुरई गांव में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में सिंचाई कर रहे एक मजदूर पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया घायल को तत्काल उपचार के लिए कटंगी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मुरई ग्राम के हार में 25 वर्षीय मजदूर सुखरत ठाकुर रोजाना की तरह खेत में फसल की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुआ ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में सुकरात के सीना एवं हाथ एवं शरीर के अन्य अंगों में गंभीर रूप से घायल कर दिया।मजदूर के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ मौके से गांव के ही स्कूल की ओर जाकर झाड़ियां में छिप गया ।हमले में मजदूर के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मुरई गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी, लेकिन वन विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब मजदूर पर हमले के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और सुरक्षा की मांग की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने और रात के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाने की बात कही गई है।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।
इंद्राना के नैनवां व शंकरगढ़ में देखा गया है तेंदुआ
बता दें कि मझौली के इंद्राना ग्राम के पास नैनवां व शंकरगढ़ के जंगल में भी तेंदूआ की दहाड़ से ग्रामीणों में भय का माहौल निर्मित है। इन ग्रामों के आसपास भी तेंदूआ का मूवमेंट ग्रामीणों द्वारा देखा गया है।
इनका कहना है …
मुरई ग्राम में मजदूर पर तेंदूआ द्वारा हमला करने की जानकारी प्राप्त हुई है मौके पर रेस्क्यू टीम को भेजा गया है एवं स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है घायल के उपचार में शासन द्वारा मदद की जाएगी।
ऋषि मिश्रा डीएफओ जबलपुर







