वकील पर नाबालिग से रेप का आरोप, कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तारी

वकील पर नाबालिग से रेप का आरोप, कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तारी
यश भारत, भोपाल। राजधानी के एक जाने-माने वकील यावर खान को नाबालिग से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई तब हुई जब पीड़िता ने कोर्ट में गवाही के दौरान वकील के खिलाफ चौंकाने वाले बयान दिए।
पीड़िता की गवाही बनी गिरफ्तारी का आधार
मामला 24 अगस्त का है, जब एक नाबालिग लड़की पॉक्सो कोर्ट में रेप और देह व्यापार से जुड़े एक केस में गवाही दे रही थी। गवाही के दौरान, उसने बताया कि आरोपी यावर खान ने अपने ऑफिस और बिट्टन मार्केट स्थित घर में कई बार उसके साथ ज्यादती की। लड़की ने यह भी बताया कि पहले उसे वकील का नाम याद नहीं था, लेकिन कोर्ट में किसी अन्य वकील द्वारा नाम लिए जाने पर उसे याद आया।
पीड़िता के इस बयान के बाद, कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 11 सितंबर को अशोका गार्डन पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कोर्ट के इसी लेटर के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात वकील यावर खान को हिरासत में ले लिया।
कुख्यात ‘रेडियो परिवार’ का वकील
पुलिस के अनुसार, आरोपी यावर खान का संबंध शहर के कुख्यात अपराधी रईस ‘रेडियो’ और उसके परिवार से भी रहा है। वह उनके आपराधिक मामलों में पैरवी करता था। रईस ‘रेडियो’ और उसके परिवार के सदस्यों पर 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस घटना ने शहर के कानूनी और आपराधिक जगत में हलचल मचा दी है।







