लद्दाख के इंजीनियर-सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रिहा, NSA के तहत दर्ज केस वापस
कई महीनों से वे पुलिस निगरानी में थे,सोनम वांगचुक की रिहाई पर राज्यसभा सांसद ने जताई खुशी

नई दिल्ली,एजेंसी। सोनम वांगचुक को केंद्र सरकार ने हिरासत से रिहा कर दिया है और उनके खिलाफ लगाए गए National Security Act (NSA) के प्रावधान भी हटा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि लद्दाख में कुछ समय पहले हुई हिंसक घटनाओं के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था और कई महीनों से वे पुलिस निगरानी में थे। मामले की समीक्षा और विस्तृत विचार-विमर्श के बाद केंद्र सरकार ने उनकी हिरासत समाप्त करने का निर्णय लिया।
सरकार के इस फैसले के बाद अब सोनम वांगचुक को पूरी तरह रिहा कर दिया गया है और उनके खिलाफ लगाए गए NSA के आरोप भी समाप्त कर दिए गए हैं।
सोनम वांगचुक की रिहाई पर राज्यसभा सांसद ने जताई खुशी
लद्दाख के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई पर राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रहे संघर्ष के बाद उनकी रिहाई एक सकारात्मक कदम है, जिससे क्षेत्र में नया माहौल बनेगा। बताया गया कि 26 सितंबर को National Security Act के तहत उन्हें पुलिस निगरानी में रखा गया था। करीब पांच महीने तक नजरबंद रहने के बाद उनकी रिहाई को लेकर लगातार प्रयास किए जाते रहे। इस मामले में Supreme Court of India ने भी व्यक्तिगत रूप से सरकार को समझाने का प्रयास किया था कि इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पहले ही लद्दाख प्रशासन ने सोनम वांगचुक को रिहा कर दिया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद विवेक तंखा ने कहा कि उनकी रिहाई से लद्दाख क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बनेगा और सामाजिक कार्यों को नई दिशा मिलेगी।







