कोलार को मिली नई तहसील की सौगात: रु 7 करोड़ की लागत से बना भव्य भवन,

कोलार को मिली नई तहसील की सौगात: रु 7 करोड़ की लागत से बना भव्य भवन
35 कक्षों में सिमटेंगे प्रशासनिक कार्य
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार क्षेत्र के निवासियों के लिए प्रशासनिक सुविधाओं का नया अध्याय शुरू हो गया है। कोलार तहसील के नवनिर्मित कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा द्वारा किया गया। इस नए भवन के शुरू होने के साथ ही अब पुराने तहसील कार्यालय को पूरी तरह से नए परिसर में शिफ्ट कर दिया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया परिसर
क्षेत्रीय जनता की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इस तहसील भवन का निर्माण 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। भवन की भव्यता और उपयोगिता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें कुल 35 कक्ष बनाए गए हैं। इन कक्षों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारियों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है, जिससे नागरिकों को अब एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत
लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कोलार की बढ़ती आबादी को देखते हुए एक आधुनिक तहसील कार्यालय की अत्यंत आवश्यकता थी। नए भवन में पर्याप्त स्थान और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होने से अब जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और जमीन से जुड़े नामांतरण जैसे राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी।






