विदेश

खामेनेई का बड़ा बयान:‘दुश्मन को बख्शेंगे नहीं, हर नुकसान का हिसाब होगा’

सीजफायर के बाद ईरान का तेवर सख्त,ईरान की खुली चेतावनी

ईरान। सीजफायर के बाद ईरान की ओर से कड़ा और आक्रामक बयान सामने आया है। देश के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने स्पष्ट कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अपने अधिकारों से पीछे हटने वाला भी नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी ईरान पर हमला करेगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। खामेनेई ने दावा किया कि हालिया टकराव में ईरान ने मजबूती दिखाई है और अब वह पहले से ज्यादा ताकतवर बनकर उभरेगा। उन्होंने अमेरिका और इजरायल को चेताते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी हमले से पहले सौ बार सोचना होगा, क्योंकि उसका जवाब बेहद गंभीर होगा।

उन्होंने यह भी संकेत दिए कि ईरान अब अपनी रणनीतिक स्थिति का पूरा उपयोग करेगा और होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम मार्ग से आर्थिक लाभ उठाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। साथ ही, देश के लिए जान गंवाने वाले शहीदों के बलिदान का बदला लेने की बात भी दोहराई। वहीं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इजरायल पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लेबनान पर लगातार हो रहे हमले समझौते के खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये हमले नहीं रुके, तो शांति वार्ता का कोई मतलब नहीं रह जाएगा और ईरान भी जवाबी कार्रवाई के लिए मजबूर होगा।

पेजेश्कियान ने कहा कि इजरायल की कार्रवाई में लेबनान में भारी जनहानि हुई है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने अमेरिका और इजरायल दोनों को आगाह किया कि सीजफायर का सम्मान किया जाए, क्योंकि ईरान की सेना अब भी पूरी तरह सतर्क और जवाब देने के लिए तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button