कंस और श्रीकृष्ण एक ही कुल के थे, लेकिन जनता जानती है किसे चुनना है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने बिहार में किया रोड शो, कहा– एनडीए सरकार ही विकास और सुशासन की गारंटी

कंस और श्रीकृष्ण एक ही कुल के थे, लेकिन जनता जानती है किसे चुनना है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने बिहार में किया रोड शो, कहा– एनडीए सरकार ही विकास और सुशासन की गारंटी
पटना/भोपाल, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार के ढाका विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर पूर्वी चंपारण जिले की चिरैया, नरकटिया और मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया उन्होंने कहा कि “रामराज्य की सच्ची ताकत अगर कहीं से आती है तो वह बिहार की भूमि से आती है। यह चुनाव धर्म और अधर्म के बीच है। कंस और श्रीकृष्ण एक ही कुलवंश के थे, लेकिन बिहार की जनता जानती है किसे चुनना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। परिवारवादी पार्टियाँ जनता का नहीं, केवल अपना विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का भविष्य संवारने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाना जरूरी है। डॉ. यादव ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का मान विश्व स्तर पर बढ़ाया है। जनता का स्नेह और आशीर्वाद बता रहा है कि बिहार ने फिर एनडीए सरकार का निर्णय ले लिया है। यह चुनाव गुंडों को ठिकाने लगाने और विकास का नया अध्याय लिखने का चुनाव है।”
अपराधी अब पाकिस्तान में भी सुरक्षित नहीं : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के समय पाकिस्तानी आतंकी देश में निर्दोष नागरिकों का खून बहाते थे। उस समय सरकार असहाय थी, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब हमारे सैनिक आतंकियों को देखते ही कार्रवाई करते हैं। अपराधी अब पाकिस्तान में भी सुरक्षित नहीं हैं। एनडीए सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने के लिए समर्पित है।
बिहार के विकास के लिए जरूरी है एनडीए की सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार ही विकास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बड़े बदलाव आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को नई दिशा दी है। बिहार के विकास के लिए आवश्यक है कि दिल्ली और पटना, दोनों जगह एनडीए की सरकार चले। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता का उत्साह यह संकेत दे चुका है कि बिहार में हिंसा नहीं, शांति और विकास की राजनीति को लोग पसंद कर रहे हैं।
लोकतंत्र को मजबूत बनाना हर नागरिक का कर्तव्य
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए मतदान जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को आशीर्वाद दें।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पहली बार नरेंद्र मोदी सरकार ने दिया, जिससे किसान सशक्त हुए हैं।
कांग्रेस परिवारवाद में जकड़ी, जनता को वोट बैंक समझती है
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है।
कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता को केवल वोट बैंक समझते हैं। वहीं भाजपा में हर समाज, जाति और वर्ग के लोगों को समान अवसर मिलता है। बिहार की जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार को नकार चुकी है।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ढाका विधानसभा क्षेत्र में भव्य रोड शो किया। मार्ग के दोनों ओर स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया और एनडीए प्रत्याशी को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी







