जबलपुरमध्य प्रदेश

जूनियर डॉक्टरों की मांगों पर सरकार से सकारात्मक चर्चा, हडताल 16 मार्च तक स्थगित

उपमुख्यमंत्री और आयुक्त (चिकित्सा शिक्षा) ने दिया आश्वासन

जबलपुर,यशभारत। जूनियर डॉक्टरों की लंबित मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के साथ संयुक्त एम.पी. जेडीए प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसे सार्थक और सकारात्मक बताया गया है। बैठक में जूनियर डॉक्टरों की सभी लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री और आयुक्त (चिकित्सा शिक्षा) ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि आगामी 5 से 7 दिनों के भीतर प्रमुख मांगों पर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। विशेष रूप से मानदेय में वार्षिक वृद्धि और लंबित एरियर के भुगतान के संबंध में निर्णय लेकर उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सरकार की ओर से मिले आश्वासन का सम्मान करते हुए संयुक्त एम.पी. जेडीए ने फिलहाल चल रही सभी विरोध संबंधी गतिविधियों को अगले सोमवार 16 मार्च तक अस्थायी रूप से स्थगित रखने का निर्णय लिया है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि हुई सकारात्मक चर्चा का ठोस परिणाम जल्द सामने आएगा।

संयुक्त एम.पी. जेडीए ने दोहराया कि वह प्रदेश के सभी जूनियर डॉक्टरों और मरीजों के हितों व कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है और रचनात्मक संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे भी प्रयास जारी रखेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button