जम्मू कश्मीर: कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, LoC के पास एनकाउंटर में 2 आतंकवादी ढेर
सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरेन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास शुक्रवार देर रात शुरू हुए एक एनकाउंटर में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है. यह ऑपरेशन अभी भी जारी है और इलाके में अन्य संभावित घुसपैठियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. सेना को खुफिया जानकारी मिली थी कि केरेन सेक्टर में कुछ आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं. इस सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया.

ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन इसके जवाब में आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी.इसके बाद दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए. मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है.
सेना के अधिकारियों ने बताया कि यह घुसपैठ सर्दियों से पहले की कोशिश हो सकती है, क्योंकि बर्फबारी शुरू होने पर एलओसी के पास के दर्रे बंद हो जाते हैं, जिसके चलते आतंकवादी संगठन इस समय घुसपैठ की गतिविधियां बढ़ा देते हैं. इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य आतंकवादी छिपा न हो. हाल के महीनों में LoC पर घुसपैठ की कोशिशों में वृद्धि देखी गई है, जिसे सुरक्षा बलों ने लगातार नाकाम किया है. स्थानीय प्रशासन और सेना स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है.
खुफिया रिपोर्ट में हुआ था चौंकाने वाला खुलासा
नवंबर के शुरुआती हफ्ते में ये रिपोर्ट सामने आई थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह खासतौर से लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद,जम्मू और कश्मीर में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे हैं। भारतीय जवानों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ मिशन के छह महीने बाद आतंकी एक बार फिर सिर उठाने की कोशिश में हैं। हालांकि सुरक्षाबल अलर्ट मोड पर हैं और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन सिंदूर के बाद से आतंकियों के बीच डर का माहौल है और वह किसी भी तरह का हमला करने से पहले फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं।







