जबलपुर का लाल चमका: आर्यन पांडेय बीसीसीआई के हाई-परफॉर्मेंस कैंप में चयनित
टीम इंडिया में दिख सकता है मध्य प्रदेश का उभरता चेहरा

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर के उभरते क्रिकेटर आर्यन पांडेय का बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-25 हाई-परफॉर्मेंस कैंप के लिए चयन हुआ है। वे मध्य प्रदेश के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित शिविर में शामिल किया गया है। भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता वीवीएस लक्ष्मण द्वारा जारी पत्र के अनुसार आर्यन 13 अप्रैल से 7 मई तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में क्रिकेट की बारीकियां सीखेंगे।
आर्यन मुख्य रूप से तेज गेंदबाज हैं और हाल ही में रणजी सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उनका क्रिकेट सफर 2014 में जबलपुर सीकरी से शुरू हुआ, इसके बाद 2016 में जबलपुर डिविजन टीम से खेलते हुए उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें स्टेट लेवल कैंप में मौका मिला और फिर बीसीसीआई की योजना के तहत चयनित होकर अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
2018-19 के दौरान उन्होंने अंडर-16 से अंडर-19 स्तर तक कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वर्ष 2023 से 2026 के बीच वे तीन बार रणजी टीम का हिस्सा रहे और मध्य प्रदेश की विजेता टीम में भी शामिल रहे। आर्यन की इस उपलब्धि से जबलपुर और प्रदेश में हर्ष का माहौल है। उनके पिता एडवोकेट आनंद पांडेय के संघर्ष और मार्गदर्शन को भी सराहा जा रहा है। अब सभी को उस दिन का इंतजार है जब आर्यन टीम इंडिया में अपना दमखम दिखाएंगे।







