जबलपुरमध्य प्रदेश

तिरंगे की शान में रंगा जबलपुर:मंत्री संपतिया उईके ने किया ध्वजारोहण

भव्य परेड, झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह

जबलपुर, यशभारत। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय का मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। ध्वजारोहण के पश्चात जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया, जिससे पूरा परेड ग्राउंड देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। मंत्री संपतिया उईके ने तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़कर स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का संदेश दिया।

मुख्य समारोह में सशस्त्र बलों द्वारा अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा निकाली गई झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

04 17

समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके उत्साह और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा मिली।

इधर, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के ओवल लॉन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने मोबाइल कोर्ट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

वहीं, कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button