
जबलपुर जीआरपी ने मोबाइल चोर को दबोचा, 11 चोरी के फोन बरामद
जबलपुर जीआरपी ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 26 हजार रुपये मूल्य के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद असलम उर्फ जाहिद (37 वर्ष) निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी को गुरुवार को जबलपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ के दौरान उसने मोबाइल चोरी की कई घटनाओं को स्वीकार किया है।
बरामद किए गए मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनमें वीवो, रेडमी, सैमसंग, टेक्नो, पोको सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं। इनमें एक एप्पल आईफोन भी पाया गया है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।







