जबलपुर को मिला गौरव— माखन शर्मा बने ABVP की केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य

जबलपुर। छात्र राजनीति और संगठनात्मक कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाने वाले जबलपुर के युवा नेता माखन शर्मा को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की केंद्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह घोषणा देहरादून में आयोजित अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन की गई। इस नियुक्ति को महाकौशल सहित पूरे जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिवेशन के तीसरे दिन ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी ने नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें माखन शर्मा को केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में स्थान दिया गया।
छात्र राजनीति में सक्रिय एवं उत्कृष्ट नेतृत्व का सम्मान
लंबे समय बाद जबलपुर से इस स्तर की नियुक्ति ने क्षेत्र में उत्साह का संचार किया है। माखन शर्मा की यह उपलब्धि छात्र हितों के प्रति समर्पण, संगठनात्मक नेतृत्व क्षमता और सतत सक्रियता की स्वाभाविक मान्यता है। वर्षों से ABVP में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए माखन ने शिक्षा सुधार, युवाओं के अवसर विस्तार एवं छात्र आंदोलनों को नई दिशा दी है।
संगठन में रहा है लंबा और प्रभावी सफर
2016 से विद्यार्थी परिषद से जुड़ने वाले माखन ने B.Com और LLB की शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात वर्तमान में खालसा महाविद्यालय, जबलपुर से LLM कर रहे हैं। परिषद में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ संभालीं, जिनमें—
जबलपुर महानगर विद्यालय प्रमुख
महानगर सोशल मीडिया प्रमुख
महानगर छात्रावास कार्य प्रमुख
महानगर सह-मंत्री
जबलपुर महानगर मंत्री
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य
इन पदों पर रहते हुए उन्होंने छात्र आंदोलनों का नेतृत्व किया और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। वर्तमान में वे अभाविप महाकौशल प्रांत के प्रांत मंत्री हैं।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणा
राष्ट्रीय अधिवेशन में जिज्ञासा के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में डॉ. आदर्श रावत की भी नियुक्ति की गई है। यह चयन सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जबलपुर की छात्र राजनीति के बढ़ते प्रभाव और संगठनात्मक क्षमता का प्रतीक है। माखन शर्मा से अब राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के मुद्दों को नए दृष्टिकोण और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की अपेक्षा की जा रही है।






