जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

जबलपुर: दोस्ती पर तेजाब का हमला, इंजीनियरिंग छात्रा ने सहेली को झुलसाया

जबलपुर,  नर्मदातट के गौरी घाट थाना क्षेत्र की अवधपुरी कॉलोनी में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको सकते में डाल दिया है। यहाँ एक इंजीनियरिंग छात्रा ने अपनी ही पक्की सहेली और पड़ोस में रहने वाली बीबीए की छात्रा पर तेजाब उड़ेल दिया, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई। उसे तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों सहेलियों के बीच करीब एक महीने से बातचीत बंद थी, जिससे आरोपी छात्रा बेहद नाराज़ थी। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

गहरी दोस्ती, फिर अनबन और तेजाबी हमला

 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अवधपुरी कॉलोनी में रहने वाली 23 वर्षीय श्रद्धा दास (बीबीए छात्रा) और उसकी पड़ोस में रहने वाली इशिता साहू (इंजीनियरिंग छात्रा) के बीच गहरी मित्रता थी। वे अक्सर शाम को साथ टहलने भी जाती थीं। लेकिन पिछले लगभग एक महीने से श्रद्धा ने इशिता से दूरी बना ली थी और उससे बात नहीं कर रही थी। इशिता इस बात से काफ़ी परेशान थी।

 

परीक्षा का बहाना और तेजाब से वार

 

पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 9:00 बजे इशिता एक जार में तेजाब लेकर श्रद्धा के घर पहुँची। उसने श्रद्धा को बाहर बुलाया और साथ टहलने चलने को कहा। श्रद्धा ने यह कहकर मना कर दिया कि उसकी परीक्षा चल रही है और वह बाहर नहीं जा सकती। इतना सुनते ही पहले से नाराज़ और तैयारी करके आई इशिता ने जार में रखा तेजाब श्रद्धा के ऊपर डाल दिया।तेजाब के हमले से श्रद्धा की चीख सुनकर न केवल उसके परिजन, बल्कि पास-पड़ोस के लोग भी जमा हो गए। एसिड की जलन से श्रद्धा दर्द से छटपटा रही थी। इस बीच, मौका पाकर इशिता वहाँ से भाग निकली। परिजन गंभीर रूप से झुलसी श्रद्धा को तुरंत एम हॉस्पिटल ले गए, जहाँ उसे भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा लगभग 70% झुलस गई है, और उसकी हालत बेहद गंभीर है।

 

आरोपी हिरासत में, कॉलोनी में सन्नाटा

 

घटना की सूचना मिलते ही गौरी घाट थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने आरोपी इशिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और उससे अब गहन पूछताछ की जा रही है।इस गंभीर घटना के पीछे सिर्फ बात न करने की नाराज़गी ही वजह थी या कोई और गहरा कारण था, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।जिस अवधपुरी कॉलोनी में यह वारदात हुई है, उसकी गिनती गौरीघाट क्षेत्र की अच्छी कॉलोनियों में होती है। लेकिन बीती रात की इस घटना के बाद से कॉलोनी में एक अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है। कॉलोनी वासी यह नहीं समझ पा रहे कि आपस में इतनी पक्की सहेलियों के बीच आखिर ऐसी कौन सी बात हो गई, जो इतनी बड़ी और भयावह घटना का कारण बन गई। कोई भी इस बारे में कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं है।जबलपुर में लंबे समय बाद तेजाब हमले की ऐसी घटना सामने आई है, जो दो सहेलियों के बीच हुई है। यह घटना ना सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि रिश्तों में बढ़ती कटुता और उसके भयावह परिणामों पर भी सवाल खड़े करती है। इस घटना की वास्तविकता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button