भोपालमध्य प्रदेश
इंदौर में ‘स्पीड का क़हर’: स्कॉर्पियो ने रौंदे 3 इंजीनियरिंग छात्र, 2 की मौत

इंदौर में ‘स्पीड का क़हर’: स्कॉर्पियो ने रौंदे 3 इंजीनियरिंग छात्र, 2 की मौत
भोपाल, यशभारत: मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में सड़क हादसे में दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार ने बाइक सवार तीन छात्रों को कुचल दिया और कार सवार युवक मौके से फरार हो गए।

देर रात की घटना, अस्पताल के सामने लापरवाही
यह भीषण हिट-एंड-रन दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे लाइफ केयर हॉस्पिटल के सामने हुई। खंडवा निवासी तीन दोस्त—कृष्ण पाल सिंह तंवर (20), आयुष राठौर (20), और श्रेयांश राठौर—बाइक पर सवार थे, तभी नक्षत्र चौराहे की ओर से आई एक तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो (जिस पर माला बंधी थी) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कृष्ण पाल सिंह तंवर और आयुष राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों प्रेस्टीज कॉलेज में बीटेक सेकंड ईयर के छात्र थे। वही श्रेयांश राठौर गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की गति लगभग 100 किमी/घंटा थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डिवाइडर में फंस गई, और छात्र कई फीट दूर जा गिरे। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि कृष्ण पाल और आयुष के शव अस्पताल के ठीक सामने सड़क पर करीब आधे घंटे तक पड़े रहे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों (टीआई केके शर्मा, एडीसीपी आलोक शर्मा और एसीपी हिमानी मिश्रा) के पहुंचने के बाद ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया।
कार छोड़कर भागे आरोपी, तलाश जारी
दुर्घटना के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में सवार चार युवक मौके पर कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार चारों आरोपियों की तलाश में जुट गई है। वही पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्कॉर्पियो के पंजीकरण विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






