टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का आगाज़ आज, USA से टक्कर… क्या सूर्या दोहरा पाएंगे रोहित का इतिहास?
बैटिंग लाइन-अप बना भारत की सबसे बड़ी ताकत

मुंबई,यशभारत। टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम आज अपने अभियान की शुरुआत यूएसए के खिलाफ मुकाबले से करेगी। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत करना चाहेगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के 2024 खिताबी अभियान के बाद टीम से बाहर होने के बावजूद भारत का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। टीम इंडिया तब से अब तक 9 सीरीज़ जीत चुकी है, जिसमें एशिया कप में किया गया प्रभावशाली प्रदर्शन भी शामिल है।
बैटिंग लाइन-अप बना भारत की सबसे बड़ी ताकत
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना, मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा का भरोसा, और हार्दिक पंड्या, उप-कप्तान अक्षर पटेल व शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडरों की मौजूदगी ने भारत की बल्लेबाज़ी को और खतरनाक बना दिया है। मौजूदा टीम को रोक पाना किसी भी विरोधी के लिए आसान नहीं होगा।
क्या सूर्या कप्तानी में रचेंगे इतिहास?
2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था। अब सवाल यह है कि क्या सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया अपने खिताब को बचा पाएगी?
खास बात यह है कि पिछले वर्ल्ड कप के बाद से भारत ने एक भी सीरीज़ नहीं हारी है। टीम में दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और नंबर-1 गेंदबाज़ वरुण चक्रवर्ती मौजूद हैं। मौजूदा स्क्वॉड में 2024 वर्ल्ड कप खेलने वाले 8 खिलाड़ी हैं, जबकि 7 नए चेहरों को मौका दिया गया है।
IND vs USA: वानखेड़े पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाज़ों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां अच्छा बाउंस मिलता है और बड़े शॉट्स खेलना आसान होता है। इस मैदान पर छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती है। ऐसे में यहां किसी भी लक्ष्य को डिफेंड करना बेहद मुश्किल माना जाता है।
भारत बनाम अमेरिका: हेड-टू-हेड
भारत और अमेरिका अब तक टी-20 इंटरनेशनल में सिर्फ एक बार आमने-सामने आए हैं। वर्ल्ड कप 2024 में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 7 विकेट से हराया था। अमेरिका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 110 रन बनाए थे, जिसे भारत ने आसानी से हासिल कर लिया था।
हालांकि, अमेरिका हाल के मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करता नजर आया है। उसने अपने पिछले 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 4 जीत दर्ज की हैं। अनुभव की कमी के कारण उसके लिए बड़ा उलटफेर करना आसान नहीं होगा, लेकिन टीम इंडिया को हल्के में लेना भी गलती साबित हो सकता है।







