खुले ट्रांसफार्मर और लटकती तारों से बढ़ा खतरा

खुले ट्रांसफार्मर और लटकती तारों से बढ़ा खतरा
– एमपी नगर जोन-1 में सामने आई गंभीर लापरवाही
भोपाल, यशभारत। राजधानी के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर जोन 1 बिजली व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। एक्स्ट्रानेट ऑफिस के सामने खुले पड़े ट्रांसफार्मर, ढीली लटकती बिजली की तारें और जर्जर डीपी डिस्ट्रिब्यूशन पैनल बॉक्स लोगों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन बिजली कंपनी की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास कोई सुरक्षा घेरा नहीं है, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से उसके संपर्क में आ सकता है। कई जगहों पर बिजली की तारें इतनी नीचे लटक रही हैं कि वाहन खड़े करते समय उनके छू जाने का डर बना रहता है। खासकर बारिश या नमी के समय यह खतरा और बढ़ जाता है, जिससे करंट फैलने की आशंका बनी रहती है।
इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन पार्क करते हैं। ऐसे में अनजाने में किसी का हाथ या वाहन का हिस्सा इन खुले तारों या ट्रांसफार्मर से टकरा जाए, तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कई बार इस समस्या की शिकायत संबंधित विभाग से की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
एक दुकानदार ने बताया कि दिनभर यहां भीड़ रहती है, लेकिन ट्रांसफार्मर के पास कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग तक नहीं है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह जगह बेहद खतरनाक है। कुछ लोगों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब रोशनी कम होने के कारण खतरा और बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, खुले ट्रांसफार्मर और ढीली तारें सीधे तौर पर विद्युत हादसों को न्योता देती हैं। डीपी बॉक्स की खराब हालत भी शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है। ऐसे मामलों में तत्काल मरम्मत और उचित सुरक्षा इंतजाम बेहद जरूरी होते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य किए जाएं। ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत घेरा बनाया जाए, ढीली तारों को व्यवस्थित किया जाए और डीपी बॉक्स की मरम्मत की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।






