मुंबई में सौतेले पिता ने 5 साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या की, समुद्र में शव मिलने के बाद खुलासा

मुंबई, यशभारत। मुंबई में एक 40 साल एक व्यक्ति ने अपनी पांच साल की सौतेली बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव समुद्र में फेंक दिया। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी इमरान शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना तब सामने आई जब मंगलवार सुबह कोलाबा पुलिस अधिकारियों ने दक्षिण मुंबई में ससून डॉक के पास समुद्र में लड़की का शव तैरता हुआ पाया। एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची सेंट्रल मुंबई के एंटॉप हिल इलाके से लापता हुई थी। उसके सौतेले पिता इमरान शेख और मां नाजिया, जो हाउस हेल्प ने बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान, पुलिस ने एंटॉप हिल और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो बच्ची को आखिरी बार उसके सौतेले पिता के साथ देखा गया। बच्ची का शव समुद्र में मिलने के बाद, पुलिस ने सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपनी सौतेली बेटी की हत्या और शव को समुद्र में फेंकने की बात मान ली। पुलिस को शक है कि कपल के बीच किसी विवाद के चलते बच्ची की हत्या की गई होगी। बच्ची की मां ने आरोपी से दूसरी शादी की थी।







