अनूपपुर में पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति की हत्या कर शव कुएं में फेंका,
सिर पर रॉड से किया वार, फिर कुएं में फेंका शव

अनूपपुर में पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति की हत्या कर शव कुएं में फेंका,
अनूपपुर, यश भारत। अनूपपुर जिले में अवैध संबंधों ने एक परिवार को तहस-नहस कर दिया। यहां पत्नी ने अपने प्रेमी और एक मजदूर के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बोरे और कंबल में लपेटकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान भैयालाल रजक के रूप में हुई है। घटना 31 अगस्त की रात सकरिया गांव की है। पुलिस को भैयालाल का शव घर के पीछे खेत में बने कुएं से बरामद हुआ, जो बोरे, कंबल और साड़ियों में बंधा हुआ था।
तीन शादियां और विवादों से भरा जीवन
जांच में सामने आया कि भैयालाल की तीन शादियां हुई थीं। पहली पत्नी शादी के बाद ही छोड़कर चली गई थी। दूसरी पत्नी गुड्डीबाई से संतान न होने पर उन्होंने उसकी छोटी बहन मुन्नी उर्फ विमला से तीसरी शादी की, जिससे उनके दो बच्चे हैं। इसी दौरान जमीन बेचने आने-जाने वाले दलाल लल्लू उर्फ नारायण दास कुशवाहा (48) और भैयालाल की पत्नी मुन्नी के बीच अवैध संबंध बन गए।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश
30 अगस्त को मुन्नी ने अपने प्रेमी और एक मजदूर धीरज कोल (25) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। वह खुद जैतहरी में अपनी बहन के पास चली गई ताकि पति घर पर अकेला रह जाए। योजना के मुताबिक, 31 अगस्त की रात करीब 2 बजे लल्लू और धीरज ने भैयालाल के निर्माणाधीन मकान में घुसकर हमला किया।
सिर पर रॉड से किया वार, फिर कुएं में फेंका शव
दोनों ने खटिया पर सो रहे भैयालाल के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरे और कंबल में लपेटकर, साड़ियों और रस्सियों से बांधकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने कुएं से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस का खुलासा और गिरफ्तारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों पत्नी मुन्नी, उसका प्रेमी लल्लू और मजदूर धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली है।







