ऐशबाग में बेखौफ बदमाशों ने बीच बस्ती में घर पर की फायरिंग

ऐशबाग में बेखौफ बदमाशों ने बीच बस्ती में घर पर की फायरिंग
भोपाल, यश भारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ बीच बस्ती में स्थित एक घर पर खुलेआम गोलियां चला दीं। इस अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दानिश और पीड़ित रिहाना बेगम के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने सरेराह कट्टा निकाला और घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलियों की गूंज से पूरी कॉलोनी सहम गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
फायरिंग की घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही ऐशबाग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
ऐशबाग थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी दानिश वे उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।







