जबलपुरमध्य प्रदेश

यश भारत की खबर का असर:अवैध कॉलोनियों पर हरकत में आया नगर निगम, 5 पर FIR की तैयारी

अवैध कॉलोनियों की संख्या 206 से बढ़कर 224 हो चुकी है

जबलपुर, यश भारत। नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ती अवैध कॉलोनियों और कार्रवाई के नाम पर खामोशी को लेकर यश भारत द्वारा प्रकाशित समाचार का अब असर दिखाई देने लगा है। लंबे समय तक चुप्पी साधे रहने के बाद नगर निगम ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्ती के संकेत दिए हैं। इसी क्रम में 5 अवैध कॉलोनी के डेवलपर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की तैयारी की जा रही है, जो शुक्रवार या शनिवार तक दर्ज हो सकती है।

गौरतलब है कि इससे पहले प्रकाशित समाचार में यह उजागर किया गया था कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों की संख्या 206 से बढ़कर 224 हो चुकी है। बिना स्वीकृत ले-आउट और वैधानिक अनुमति के धड़ल्ले से प्लॉटिंग कर भूखंड बेचे जा रहे हैं, जबकि निगम केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता निभा रहा है। वर्ष 2022 से पहले विकसित 206 अवैध कॉलोनियों में से 104 कॉलोनियों की सूची सार्वजनिक होने के बावजूद न तो तोड़फोड़ हुई और न ही प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई।

यश भारत द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद नगर निगम ने न केवल 5 अवैध कॉलोनी के खिलाफ FIR की प्रक्रिया शुरू की है, बल्कि अन्य अवैध कॉलोनियां विकसित कर भूखंड बेचने वालों को भी नए सिरे से नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। एक अवैध कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है और आगे भी कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध कॉलोनियों के कारण शहर की नियोजित विकास व्यवस्था बिगड़ रही है। सड़क, नाली, पेयजल और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। यश भारत इस विषय को आगे भी लगातार प्रमुखता से उठाता रहेगा।

अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 5 अवैध कॉलोनी बनाने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है और यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

राम प्रकाश अहिरवार
नगर निगम आयुक्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button