अवैध स्लॉटर हाउस मामला: युवा कांग्रेस ने घेरा नगर निगम, महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग

अवैध स्लॉटर हाउस मामला: युवा कांग्रेस ने घेरा नगर निगम, महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग
भोपाल,यशभारत। राजधानी में अवैध स्लॉटर हाउस का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है। शहर में उजागर हुए अवैध वधशालाओं के मामले में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महापौर मालती राय के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मोहित सक्सेना और अंकित दूबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर के रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से चल रहे स्लॉटर हाउस नगर निगम के संरक्षण के बिना संभव नहीं हैं। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में महापौर की संलिप्तता है, इसलिए उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार स्वच्छता और कानून व्यवस्था की बात करती है, वहीं दूसरी ओर राजधानी की नाक के नीचे अवैध वधशालाएं संचालित हो रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिनमें नगर निगम प्रशासन और महापौर के खिलाफ नारे लिखे थे। प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।







