जम्मू के अखनूर में LoC के पास आईईडी ब्लास्ट, दो जवान शहीद

जम्मू के अखनूर सेक्टर में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए हैं. ये ब्लास्ट उस वक्त हुआ जब लालेली में बाड़ के पास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. व्हाइट नाइट कोर ने कहा, शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम और श्रद्धांजलि. सेना का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि अखनूर सेक्टर में एलओसी के पास भट्टल इलाके में जवान गश्त कर रहे थे. इसी दौरान ब्लास्ट हुआ. शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में ब्लास्ट हुआ. माना जा रहा है कि इसे आतंकियों ने प्लांट किया था. ब्लास्ट के बादपूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई.
अखनूर सेक्टर में नामंदर गांव के पास मिला मोर्टार शेल
आईईडी ब्लास्ट के अलावा जम्मू के अखनूर सेक्टर में आज एक मोर्टार शेल मिला. इसे बम डिस्पोजल स्क्वायड ने निष्क्रिय कर दिया है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नामंदर गांव के पास प्रताप नहर में स्थानीय लोगों ने मोर्टार शेल देखा. जानकारी मिलते हीपुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वायड को बुलाया गया, जिसने मोर्टार शेल को निष्क्रिय कर दिया.







