कमर्शियल गैस की किल्लत से होटल-रेस्टोरेंट संकट में,ईरान-इजरायल युद्ध का असर जबलपुर में
लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है

जबलपुर,यशभारत। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब जबलपुर के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बाधित होने से होटल संचालकों के सामने किचन संचालन का संकट खड़ा हो गया है। गैस एजेंसियों से सिलेंडर नहीं मिलने के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
होटल संचालकों का कहना है कि गैस की कमी के चलते रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में कई जगह इंडक्शन या लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। उनका कहना है कि ईरान-इजरायल युद्ध के कारण गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे यह स्थिति बनी है।
होटल संचालक शुभम गुप्ता कमर्शियल सिलेंडर लेने गैस एजेंसी पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया। उन्होंने बताया कि एजेंसी के कर्मचारियों ने कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो होटल और रेस्टोरेंट संचालित करना बेहद कठिन हो जाएगा और रोजी-रोटी के लिए लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ सकता है।
कुछ होटल संचालकों ने बताया कि स्थिति ऐसी बन गई है कि अब कमर्शियल के साथ-साथ घरेलू गैस सिलेंडर भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। ऐसे में कई होटल बंद होने की नौबत आ सकती है। उनका कहना है कि युद्ध का असर सीधे तौर पर ईंधन आपूर्ति पर पड़ रहा है और इसका प्रभाव स्थानीय कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्द सुचारू कराई जाए, ताकि होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित न हो और लोगों के रोजगार पर संकट न आए।







