भोपालमध्य प्रदेश

अवैध संबंध के शक में होटल कर्मचारी की हत्या, पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को लिया हिरासत में

अवैध संबंध के शक में होटल कर्मचारी की हत्या, पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को लिया हिरासत में
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र में एक होटल कर्मचारी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच में सामने आए ‘अवैध संबंध’ के पहलू पर फोकस करते हुए पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को हिरासत में लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आज देर शाम तक इस हत्याकांड का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
बिस्तर पर मिली खून से सनी लाश
घटना नया बसेरा इलाके की है, जहाँ 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह चौहान (होटल वेटर) की खून से सनी लाश शुक्रवार की सुबह उसके घर के बिस्तर पर मिली थी। हैरानी की बात यह है कि जिस कमरे में धर्मेंद्र की हत्या हुई, उसी घर के दूसरे कमरे में उसके माता-पिता और 8 वर्षीय बेटा सो रहे थे, लेकिन उन्हें हत्या की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब माता-पिता की नींद खुली, तब उन्होंने बेटे का शव देखकर पुलिस को सूचित किया।
अवैध संबंध का शक, भाई हिरासत में
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई थी। शुरुआती जांच में मृतक के शराब पीने की बात सामने आई थी। हालांकि, जाँच के दौरान पुलिस को मृतक के अवैध संबंध से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस ने शक के दायरे में आए मृतक के छोटे भाई को हिरासत में लिया है और उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
टीआई निरुपमा पांडे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे। अब पुलिस इस पूरे मामले को जल्द ही सुलझाने का दावा कर रही है। उम्मीद है कि हिरासत में लिए गए भाई से पूछताछ के बाद हत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button