भोपालमध्य प्रदेश

होली पर लूट की सवारी: भोपाल से लखनऊ का बस किराया ₹8,899 पहुँचा

होली पर लूट की सवारी: भोपाल से लखनऊ का बस किराया ₹8,899 पहुँचा

भोपाल, यशभारत। होली के उल्लास के बीच घर जाने की चाहत रखने वाले यात्रियों की जेब पर निजी बस ऑपरेटरों ने डाका डालना शुरू कर दिया है। त्योहार का फायदा उठाकर बस संचालकों ने किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी है। स्थिति यह है कि भोपाल से लखनऊ का बस किराया ₹8,899 तक पहुँच गया है, जो सामान्य दिनों की तुलना में चार गुना से भी अधिक है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों को ठेंगा
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवहन विभाग को अवैध वसूली और मनमाना किराया रोकने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, राजधानी के नादरा बस स्टैंड, आईएसबीटी और निजी बस कार्यालयों से ऑपरेटरों की मनमानी बेखौफ जारी है। प्रशासन के दावों और हकीकत के बीच का यह अंतर यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है।

प्रमुख रूट्स पर किराए का गणित
ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म जैसे रेड बस पर कीमतें आसमान छू रही हैं। यात्रियों ने बताया कि मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है:
भोपाल – लखनऊ: सामान्य किराया ₹1,800 के बजाय ₹8,899 तक वसूला जा रहा है।
भोपाल – रीवा/सतना: ₹700-800 का टिकट अब ₹3,500 से ₹5,000 के बीच मिल रहा है।
अन्य शहर: सागर, छतरपुर और जबलपुर के रूट्स पर भी किराया 200% से 300% तक बढ़ गया है।

यात्री बोले- मजबूरी का फायदा उठा रहे ऑपरेटर
लखनऊ जाने के लिए टिकट बुक करने आए एक यात्री ने बताया, ट्रेनों में महीनों पहले से वेटिंग है। जब बस का विकल्प देखा तो किराया सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई। एक आम आदमी ₹9,000 देकर घर कैसे जाएगा? यह सीधे तौर पर प्रशासन की विफलता है।
क्या कर रहा है परिवहन विभाग?
हैरानी की बात यह है कि आरटीओ की टीमें चेकिंग का दावा तो कर रही हैं, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल और बस स्टैंड पर खुलेआम हो रही इस वसूली पर कोई लगाम नहीं लग पा रही है। जानकारों का कहना है कि जब तक परमिट रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह सिंडिकेट ऐसे ही यात्रियों को लूटता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button