होली की खुशियां मातम में बदलीं, निशातपुरा में युवक की चाकू गोदकर हत्या

होली की खुशियां मातम में बदलीं, निशातपुरा में युवक की चाकू गोदकर हत्या
बेस्ट प्राइस के पास ऑटो से फेंका शव, दोस्तों पर संदेह की सुई
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में होली के जश्न के बीच बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने 19 वर्षीय युवक के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी युवक का अर्धनग्न शव 80 फीट रोड पर ऑटो से फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीने पर किए चार वार, अर्धनग्न मिला शव
मृतक की पहचान प्रताप नगर निवासी अरविंद मीणा (19) के रूप में हुई है, जो एक गारमेंट्स शॉप पर सेल्समैन था। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अरविंद के सीने पर चाकू से चार गहरे वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को ऑटो में लादकर बेस्ट प्राइस के पास सड़क किनारे फेंक गए। मृतक के पिता हल्केराम मीणा ने बताया कि उन्होंने सड़क पर भीड़ देखकर गाड़ी रोकी थी, पास जाकर देखा तो उनके बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा था।
दोस्तों के साथ निकला था, वे अकेले लौटे
परिजनों ने बताया कि अरविंद बुधवार शाम तक दोस्तों के साथ होली खेल रहा था। इसके बाद वह अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घूमने निकला था। आखिरी बार उसे इन्हीं दोनों के साथ देखा गया था। संदिग्ध बात यह है कि ये दोनों युवक बाद में मोहल्ले में अकेले लौट आए, जबकि अरविंद का शव देर रात बरामद हुआ। पुलिस अब इन दोनों दोस्तों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
गुस्साए परिजनों ने दी चक्काजाम की चेतावनी
गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से आक्रोशित मोहल्ले के लोगों और परिजनों ने पुलिस पर जांच में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सड़क पर शव रखकर चक्काजाम करेंगे।
इनका कहना है…
हमने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।
मनोज पटवा, थाना प्रभारी, निशातपुरा







