झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में हुआ जलजमाव

झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में हुआ जलजमाव
– एमपी नगर में लगा जाम, आमजन हुए परेशान
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में गुरुवार को दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने शहरवासियों को राहत के साथ-साथ मुश्किलों में भी डाल दिया। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सडक़ों और नालियों का पानी उफान पर आ गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। खासकर एमपी नगर क्षेत्र में भारी जलभराव के चलते लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश शुरू होते ही शहर के मुख्य बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों की सडक़ों पर पानी भरने लगा। एमपी नगर के जोन-1 और जोन-2 में सडक़ों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। कई जगह नालियां ओवरफ्लो होकर सडक़ पर बहने लगीं। तेज बहाव के कारण छोटे वाहन चालकों को वाहन खड़ा कर बारिश थमने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान चार पहिया वाहनों को भी पानी में चलाना मुश्किल हो गया। कई जगह कारों के इंजन बंद हो गए और वाहन चालक धक्का लगाते नजर आए।

दुकानों व कार्यालयों के बाहर जमा हुआ पानी
एमपी नगर की व्यावसायिक दुकानों, बैंकों और कार्यालयों के बाहर पानी जमा हो गया जिससे आने-जाने वालों को दिक्कतें हुईं। पैदल चलने वाले लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश का पानी नालियों में समाने के बजाय सडक़ों पर बहता रहा जिससे ट्रैफिक धीमा पड़ गया। कई जगह दोपहिया वाहन फिसलने से गिरने की घटनाएं भी हुईं।
जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करना हुआ मुश्किल
नगर निगम के कर्मचारियों को जगह-जगह जल निकासी के लिए तैनात किया गया लेकिन बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से नालियां भर गई हैं और पानी निकलने में समय लग रहा है। भारी बारिश के कारण एमपी नगर के आसपास के क्षेत्रों जैसे रोशनपुरा, न्यू मार्केट, पॉलिटेक्निक चौराहा और 10 नंबर स्टॉप पर भी यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम में घुली ठंडक, तापमान गिरा
बारिश से लोगों को राहत भी मिली क्योंकि मौसम में ठंडक बढ़ गई और दिन का तापमान गिरकर सामान्य से नीचे पहुंच गया। लेकिन दूसरी ओर जलभराव से नागरिक परेशान रहे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर एमपी नगर के जलभराव की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए नगर निगम से व्यवस्था सुधारने की मांग की। शहर में नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से नहीं हो पाती। इसके चलते थोड़ी सी भारी बारिश में भी सडक़ें तालाब में बदल जाती हैं।







