हवाला के 55.50 लाख की लूट का खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख रुपए बरामद

हवाला के 55.50 लाख की लूट का खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख रुपए बरामद
भोपाल, यश भारत । राजधानी में हवाला के पैसों की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 35 लाख रुपए नगद, दो मोटरसाइकिल, एक एक्सेस स्कूटी, एक सवारी ऑटो और नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च को फरियादी दिव्यांग बरोट (25) निवासी स्टर्लिंग ग्रीन विला-2, चुनाभट्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्मार्ट सिटी रोड पर दो एक्टिवा सवार युवकों ने उनकी गाड़ी रोककर बैग में रखे 55 लाख 50 हजार रुपए लूट लिए। घटना के बाद श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल तथा पुलिस उपायुक्त जोन-3 मयूर खंडेलवाल के पर्यवेक्षण में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इन टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अनिल वर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली चन्द्रशेखर पांडेय ने किया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने हैदर उर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अल्फेज अली, मुज्जमिल, शान उर्फ डिसेंट, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान समद, गौरव चेतवानी और फैसल खान को गिरफ्तार किया है। वहीं फरदीन, जावेद, आसिम सहित अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव चेतवानी लेखाकार का काम करता है और ऑनलाइन सट्टा खेलने का आदी था। सट्टे के कारण उस पर करीब 4 से 5 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। उसे हवाला के पैसों की आवाजाही की जानकारी थी, इसलिए उसने अपने साथी अनवर शेख को यह बात बताकर लूट की योजना बनाई। इसके बाद अनवर शेख ने अब्दुल नवेद और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची।
घटना से एक दिन पहले आरोपियों ने भोपाल टॉकीज के पास बैठक कर योजना बनाई और हवाला के पैसों के रूट की रेकी की। घटना वाले दिन आरोपी पॉलीटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए। जैसे ही हवाला का पैसा लेकर व्यक्ति स्मार्ट सिटी रोड की ओर बढ़ा, आरोपियों ने योजना के अनुसार उसकी एक्टिवा को आगे और पीछे से रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसे डराया और बैग में रखे पैसे छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं और शेष रकम व फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और श्यामला हिल्स थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा भी दी है।







