आदतन अपराधी पुलिस गिरफ्त में, पुलिस ने निकाला जुलूस
विभिन्न थानों में 15 से 20 आपराधिक मामले दर्ज

जबलपुर, यशभारत। खमरिया थाना पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले आदतन अपराधी धर्मेंद्र यादव उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया है। लोगों को उसके भय से मुक्त कराने और कानून का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आरोपी का जुलूस निकाला गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ थाना खमरिया सहित विभिन्न थानों में 15 से 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से मारपीट, अवैध वसूली और धमकी जैसी घटनाओं में संलिप्त रहा है। आरोपी हमेशा सक्रिय रहकर घना आबादी वाले क्षेत्रों में घटनाओं को अंजाम देता था।
हाल ही में आरोपी द्वारा मारपीट और अवैध वसूली की एक घटना को अंजाम दिया गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ आए दिन शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन उसके डर के कारण लोग खुलकर शिकायत दर्ज कराने से कतरा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना स्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।







