मुंबई एयरपोर्ट पर 37 करोड़ का सोना बरामद;24 महिला तस्कर गिरफ्तार
मुंबई ,यश भारत

मुंबई एयरपोर्ट पर 37 करोड़ का सोना बरामद;24 महिला तस्कर गिरफ्तार
मुंबई ,यश भारत । मुंबई में एक बड़े सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 37.74 करोड़ रुपये बताई गई है।अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। डीआरआई की मुंबई इकाई ने ‘ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज’ चलाकर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। ‘धहाबू’ शब्द स्वाहिली भाषा में सोने के लिए इस्तेमाल होता है।
जानकारी के मुताबिक केन्या की राजधानी नैरोबी से मुंबई पहुंचीं 24 विदेशी महिलाओं को एयरपोर्ट पर रोका गया। तलाशी के दौरान उनके सामान और कपड़ों से 25.1 किलोग्राम सोने की सिल्लियां और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।जांच में सामने आया है कि इन महिलाओं को सोना छिपाने और सुरक्षा जांच से बचने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित और सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह है।सभी 24 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है और इस गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।






