लाल परेड मैदान पर फुलड्रेस एवं फाइनल रिहर्सल संपन्न
21 अक्टूबर को मनाया जाएगा 'पुलिस स्मृति दिवस

लाल परेड मैदान पर फुलड्रेस एवं फाइनल रिहर्सल संपन्न
21 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘पुलिस स्मृति दिवस’
भोपाल, यशभारत। राजधानी में आगामी 21 अक्टूबर को मनाए जाने वाले पुलिस स्मृति दिवस की फुलड्रेस एवं फाइनल रिहर्सल रविवार सुबह लाल परेड मैदान स्थित नवनिर्मित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित की गई। पुलिस स्मृति दिवस का मुख्य आयोजन 21 अक्टूबर को प्रात: 9:50 बजे से होगा।

डीजीपी ने किया परेड का निरीक्षण
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया और आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रविवार को हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान, मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक राजमणी सिंह ने निभाई। फाइनल अभ्यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एसडीओपी सर्वप्रिय सिन्हा ने किया, जबकि परेड के टू-आई-सी की भूमिका में राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक हेमंत पाण्डेय रहे।

शामिल हुईं टुकड़ियाँ
रिहर्सल परेड में जिला बल, विशेष सशस्त्र बल (महिला एवं पुरुष प्लाटून), होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, रीथ पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वारोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थीं। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति के मधुर गीतों की धुन बजाई गई, और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

शहीदों को नमन
यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रहे सीआरपीएफ जवानों की टुकड़ी और चीनी सेना के बीच हुई मुठभेड़ में शहीद हुए 10 जवानों की स्मृति में देश की समस्त पुलिस इकाइयों द्वारा मनाया जाता है।
इस वर्ष, मध्यप्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। इनमें निरीक्षक स्व. संजय पाठक, निरीक्षक स्व. रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्व. रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्व. महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्व. संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्व. प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्व. गोविंद पटेल, आरक्षक स्व. अनुज सिंह, आरक्षक स्व. सुंदर सिंह बघेल एवं आरक्षक स्व. अनिल यादव शामिल हैं, जिन्हें इस अवसर पर विशेष रूप से श्रद्धांजलि दी जाएगी।







